मैहर। मैहर के मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां 6 महीने के बाघ के नर शावक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह शावक 19 अप्रैल को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से रेस्क्यू कर घायल अवस्था में सफारी लाया गया था। वन विभाग के अनुसार, शावक के शरीर पर अन्य बाघों के साथ संघर्ष के गंभीर निशान थे, जिनमें केनाइन दांतों के गहरे घाव भी शामिल थे। सफारी के विशेषज्ञों द्वारा लगातार इलाज किया जा रहा था, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के चलते आज सुबह करीब 6:05 बजे शावक ने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक चोट और आंतरिक रक्तस्राव को मौत का मुख्य कारण बताया गया है।
इस दौरान वन विभाग मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य वन संरक्षक रीवा और वन मंडल अधिकारी मैहर की मौजूदगी में शावक का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। विभाग ने इस घटना को लेकर प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

