मुंबई। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने 25 नवंबर तक रॉकेट और हवा में फूटने वाले पटाखों पर रोक लगाने के फैसले को लेकर मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े की आलोचना की। फैसले के समय पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद प्रतिबंध लगाने का क्या मतलब है, जबकि पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण और आग की घटनाओं को लेकर पहले ही चेतावनी दी गई थी। समय रहते कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण मुंबई में आग लगने की कई घटनाएं हुईं और लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।वारिस पठान ने कहा कि मेयर ऋतु तावड़े ने पटाखों पर रोक लगाने का फैसला काफी देर से लिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बड़ी देर कर दी मेहरबान आते-आते। अब क्या? जब चिड़िया चुग गई खेत। पठान ने कहा कि मुंबई हाई कोर्ट की ओर से पटाखों के इस्तेमाल को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए थे। अभिनेत्री दिया मिर्जा ने भी दिवाली मनाने के साथ पटाखों से परहेज करने की अपील की थी। पटाखे सेहत के लिए नुकसानदायक हैं और इनसे प्रदूषण फैलता है। इसके बावजूद उनकी अपील पर ध्यान नहीं दिया गया। फायर ब्रिगेड को मिली कॉल और आग की घटनाओं के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एक दिन में 142 कॉल फायर ब्रिगेड को गए। इनमें 137 आग लगने की घटनाएं पटाखों की वजह से हुईं। उन्होंने सवाल किया कि जब मेयर ने पहले पटाखों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताने वालों का विरोध किया था और लोगों से कहा था कि उन्हें पता है कि दिवाली कैसे मनानी है, तो अब अचानक पटाखों पर रोक लगाने की जरूरत क्यों महसूस हुई?

उन्होंने कहा कि मेयर को बताना चाहिए कि इतने दिनों तक इस दिशा में कदम क्यों नहीं उठाया गया। पठान ने डोंगरी में आग लगने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां कई लोगों का व्यवसाय खत्म हो गया। उन्होंने सवाल किया कि इस नुकसान के लिए कौन जिम्मेदार है और इसकी जवाबदेही किसकी होगी? मुंबईकर यह जानना चाहते हैं कि समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

पठान ने कहा कि मुंबई में हुई आग की घटनाओं को केवल एक सामान्य घटना मानकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए। जिन लोगों की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी, उनकी जिम्मेदारी तय की जाए। 142 स्थानों पर फायर ब्रिगेड को कॉल जाने और 137 जगहों पर आग लगने की घटनाओं के बाद जवाबदेही तय करना जरूरी है। जो भी व्यक्ति या अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

दिवाली के बाद हवा में घुटन महसूस होने और प्रदूषण बढ़ने के सवाल पर पठान ने कहा कि उन्हें भी ऐसा महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि पटाखे चलाने की अनुमति रात 12 बजे तक होने की बात कही गई थी, लेकिन रात तीन बजे तक पटाखों की आवाज सुनाई दे रही थी। उन्होंने कहा कि वह अपने घर में थे और उन्होंने खुद देर रात तक पटाखे चलने की स्थिति देखी। पठान ने कहा कि दिवाली के बाद लोग सोशल मीडिया पर वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण को लेकर अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं। उन्होंने जानवरों की तस्वीरों और वीडियो का भी जिक्र किया और कहा कि लोग दिखा रहे हैं कि पटाखों की आवाज से जानवर किस तरह डरे हुए थे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपना त्योहार मनाने का अधिकार है, लेकिन त्योहार मनाने का तरीका ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो।

वारिस पठान ने कहा कि 25 नवंबर तक रॉकेट और हवा में फूटने वाले पटाखों पर रोक लगाने का फैसला पहले लिया जाना चाहिए था। जब नुकसान हो चुका है, तब प्रतिबंध लगाने से पहले हुई घटनाओं और लोगों को हुए नुकसान की भरपाई के सवाल खत्म नहीं हो जाते। उन्होंने मेयर और संबंधित जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगते हुए कहा कि मुंबईकरों को इस पूरे मामले में जवाबदेही और कार्रवाई चाहिए।