अमरपाटन। मध्य प्रदेश के सतना जिले अंतर्गत वन परिक्षेत्र अमरपाटन में एक जंगली हाथी की आमद से ग्रामीण अंचलों में भारी खौफ और दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथी का मूवमेंट रिहायशी बस्तियों के नजदीक तक पहुंचने के चलते ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बीती रात हाथी ने ओबरा गांव में धावा बोलकर अमरनाथ लोनी नामक ग्रामीण का मकान पूरी तरह ढहा दिया। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त मकान के भीतर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा मानवीय हादसा टल गया और लोगों की जान बच गई। हालांकि, मकान गिरने और हाथी के हमले की चपेट में आने से वहां बंधी एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।

फसलों को नुकसान, घरों के नजदीक पहुंचे हाथी से ग्रामीणों में भय

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जंगली हाथी न केवल मकानों को निशाना बना रहा है, बल्कि खेतों में खड़ी फसलों को भी रौंदकर भारी नुकसान पहुंचा रहा है। हाथी के लगातार ग्रामीण बस्तियों के इतने पास तक पहुंच जाने से लोग रतजगा करने को विवश हैं और पूरे इलाके में भय का वातावरण व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नुकसान का मुआवजा देने की गुहार लगाई है।

निगरानी में जुटी वन विभाग की टीम, जल्द किया जाएगा रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का मैदानी अमला मौके पर पहुंच गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जंगली हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने व जंगल तथा हाथी के करीब न जाने की हिदायत दी गई है। वन अमला हाथी की गतिविधियों की सघन निगरानी कर रहा है और वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से हाथी को सुरक्षित रूप से ट्रेंकुलाइज (बेहोश) कर रेस्क्यू करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द राहत दिलाई जा सके।