ढाका। बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच पिछले कुछ दिनों में कम से कम आठ बसों को आग के हवाले कर दिया गया और ढाका के अलग-अलग इलाकों में 50 से ज्यादा देसी बम धमाके हुए हैं।'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम ढाका यूनिवर्सिटी में लगातार हुए देसी बम धमाकों से छात्रों और लोगों के बीच दहशत फैल गई। राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी इसी तरह के धमाके हुए। शाम के समय में, जब यूनिवर्सिटी परिसर में काफी भीड़ थी, तभी टीचर-स्टूडेंट सेंटर (टीएससी) इलाके में कुछ ही सेकंड के अंतर पर दो तेज धमाके हुए।

इसके बाद यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन, वीसी चत्तर और मुक्ति-गणतंत्र तोरण के पास भी धमाकों की खबरें सामने आईं। इस दौरान छात्रों ने घटनास्थल से भागने की कोशिश कर रहे कुछ लोगों को पकड़ भी लिया।

'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, इसी बीच, राजधानी के अन्य इलाकों में भी देसी बम फटने की घटनाएं सामने आईं। मालीबाग में क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) कार्यालय के बाहर भी विस्फोट हुआ। रिपोर्ट में बताया गया कि शनिवार तड़के जतराबाड़ी इलाके के चौरास्ता चौराहे पर मोटरसाइकिल सवार दो लोग लगातार तीन से चार देसी बम फेंककर फरार हो गए।

इससे कुछ घंटे पहले, सावर में ढाका-अरिचा हाईवे पर स्थित गेंडा बस स्टैंड के पास उपजिला परिषद के गेट के बाहर भी एक बम फटा था। हालांकि प्रत्यक्षदर्शी हमलावरों की पहचान नहीं कर सके।

रिपोर्ट में कहा गया है कि राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में एक के बाद एक धमाके हो रहे हैं। ये धमाके पुलिस स्टेशनों, पुलिस प्रतिष्ठानों, महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों और विश्वविद्यालय परिसरों के पास हो रहे हैं। कुछ हमलावर मोटरसाइकिल से आते हैं, बम फेंकते हैं और तुरंत भाग जाते हैं। कई मामलों में उनकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई हैं।

रिपोर्ट में यह भी सवाल उठाया गया कि आखिर इन धमाकों के पीछे कौन लोग हैं और गिरफ्तार किए गए लोगों का इन घटनाओं से कितना सीधा संबंध है। क्या पुलिस वास्तव में बम फेंकने वालों की पहचान कर उन्हें पकड़ रही है या फिर सिर्फ संदेह और राजनीतिक संबंधों के आधार पर लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है? साथ ही यह भी सवाल है कि बम कौन बना रहा है, उन्हें कौन उपलब्ध करा रहा है और इन हमलों की योजना कौन बना रहा है।

रविवार को ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए डिप्टी पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अख्तर हुसैन ने कहा कि पुलिस देसी बम धमाकों और वाहनों में आगजनी की घटनाओं पर कड़ी नजर रख रही है और हर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित संगठनों और उनसे जुड़े कुछ समूहों के सदस्यों समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

अख्तर हुसैन ने कहा कि पुलिस को शक है कि एक खास समूह जानबूझकर तोड़फोड़ और हिंसक गतिविधियां कर रहा है, ताकि लोगों में डर और अफरा-तफरी फैल सके।

वहीं, ढाका यूनिवर्सिटी के शिक्षक और अपराध मामलों के विश्लेषक तौहीदुल हक ने ढाका ट्रिब्यून से बातचीत में कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गिरफ्तारी जरूरी है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सिर्फ शक के आधार पर किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जांच में पर्याप्त सबूत मिलने से पहले किसी भी गिरफ्तार व्यक्ति को बम फेंकने वाला करार नहीं दिया जाना चाहिए।