नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता गोपाल राय ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण और यमुना की सफाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय सरकार आंकड़ों को छिपाने और लीपापोती करने में जुटी है। दिवाली पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद बड़े पैमाने पर पटाखे जलाए जाने को लेकर भी उन्होंने सरकार की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। राय ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री और पर्यावरण मंत्री को सामने आकर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद से समस्याओं के समाधान की जगह उन पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दिवाली के दौरान पटाखे जलाए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने ग्रीन पटाखे जलाने और इसके लिए दो घंटे की समय सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद दिल्ली-एनसीआर में बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़े गए और घंटों तक आतिशबाजी होती रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस की ओर से सितंबर में ही पटाखों को लेकर फाइल दिल्ली सरकार के पास भेजी गई थी, लेकिन सरकार ने समय पर निर्णय नहीं लिया। अंतिम समय में ग्रीन पटाखे जलाने का फैसला किया गया। राय ने सवाल उठाया कि क्या एक सप्ताह के भीतर इतने ग्रीन पटाखों का उत्पादन, भंडारण और वितरण संभव था? उन्होंने मुख्यमंत्री से जनता के सामने यह स्पष्ट करने की मांग की कि दिवाली पर जलाए गए पटाखे वास्तव में ग्रीन पटाखे थे या नहीं।
आप नेता ने कहा कि पहले से तैयार पटाखे ही बड़ी संख्या में जलाए गए और निर्धारित दो घंटे की समय सीमा का भी पालन नहीं हुआ। इसका सीधा असर दिल्ली के आम लोगों के स्वास्थ्य और जिंदगी पर पड़ा। उन्होंने सरकार से लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ बंद करने की अपील की।
प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए गोपाल राय ने कहा कि मौजूदा आंकड़े डाटा चोरी के बाद जारी किए गए हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में पहले वोट चोरी, फिर चंदा चोरी और अब डाटा चोरी की बातें सामने आ रही हैं। आंकड़ों में बदलाव या मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का छिड़काव करने से प्रदूषण की समस्या का समाधान नहीं होगा। दिल्ली में प्रदूषण एक गंभीर और चुनौतीपूर्ण समस्या है। केंद्र, दिल्ली सरकार और नगर निगम में भाजपा की सरकार होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। गोपाल राय ने मांग की कि मॉनिटरिंग स्टेशनों तक सीमित रहने के बजाय पूरी दिल्ली में पानी का छिड़काव किया जाए और प्रदूषण कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रदूषण को लेकर कपिल मिश्रा की ओर से लगाए गए आरोपों पर गोपाल राय ने कहा कि कपिल मिश्रा न तो पर्यावरण मंत्री हैं और न ही दिल्ली के मुख्यमंत्री। ऐसे में सरकार को किसी तीसरे मंत्री को सामने करने के बजाय मुख्यमंत्री और पर्यावरण मंत्री के जरिए जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार किसका चेहरा बचाने की कोशिश कर रही है?
पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री और पर्यावरण मंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में कमी को लेकर उनके आंकड़े क्या कहते हैं। पहले जहां छह-छह हजार घटनाएं होने की बात कही जाती थी, वहीं अब सरकार खुद इसे घटाकर करीब एक हजार बता रही है। उन्होंने इन आंकड़ों पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि सरकार के अपने दावों को सही मान लिया जाए, तब भी उसे यह बताना चाहिए कि दिवाली पर ग्रीन पटाखों और दो घंटे की समय सीमा के निर्देशों का पालन क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पटाखों से प्रदूषण बढ़ने और लोगों की जिंदगी पर खतरा पैदा होने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और पर्यावरण मंत्री को लेनी चाहिए।
यमुना की सफाई को लेकर सरकार के दावों पर गोपाल राय ने कहा कि यमुना अब भी गंदी है और उसकी सफाई के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार हर समस्या के समाधान के लिए शॉर्टकट अपना रही है। यमुना की वास्तविक स्थिति सुधारने के बजाय नए-नए तरीके से लोगों को दिखाने की कोशिश हो रही है कि सफाई का काम किया जा रहा है। उन्होंने पिछली बार नकली छठ घाट बनाए जाने की कोशिश का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार को अब दिखावे के बजाय गंभीरता से काम करना चाहिए। सरकार को बने करीब दो साल होने जा रहे हैं, लेकिन समस्याओं के समाधान की जगह शॉर्टकट और दिखावे की राजनीति जारी है।













