नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी अस्पताल में तैनात अटेंडर ने बिना किसी मेडिकल डिग्री के महिला की सर्जरी कर डाली। यह घटना न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला को छाती में पस की शिकायत थी, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान अटेंडर बरसाती लाल मांझी ने डॉक्टर की अनुपस्थिति में खुद ही सर्जरी कर दी। हैरानी की बात यह है कि ऑपरेशन के बाद भी महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ, बल्कि उसे बार-बार अस्पताल बुलाकर उसी अटेंडर द्वारा चीरा लगाया जाता रहा।
इतना ही नहीं, महिला से इलाज और ड्रेसिंग के नाम पर हर बार 1,000 से 1,500 रुपए तक वसूले गए। कुल मिलाकर करीब 10 हजार रुपए की अवैध वसूली की गई। यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब एक आशा कार्यकर्ता महिला के घर पहुंची और उसकी स्थिति पर संदेह होने पर पूछताछ की। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी अटेंडर को निलंबित कर दिया है और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सीएमएचओ को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह की हरकतों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इसके बावजूद उस पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यह गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि जब अस्पतालों में गैर-प्रशिक्षित कर्मचारी इस तरह मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है?

