लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम ने इकाना स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। भारत की जीत में कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन की शतकीय पारी का अहम योगदान रहा। गिल को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के बाद शुभमन गिल ने कहा, "इस सीरीज के लिए मेरा एक टारगेट था। मैं पिच पर 40-45 ओवर तक बल्लेबाजी करना चाहता हूं। मुझे पता था कि मुझे 440-450 को ध्यान में रखते हुए अपने शॉट्स मारते रहना है। गेंद बल्ले पर सही तरीके से आ रही थी।"
गिल ने टीम के गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे तेज गेंदबाजों को इन पिचों पर अच्छी गेंदबाजी करते हुए देखना अच्छा लग रहा है।
गिल को बल्लेबाजी करते समय क्रैंप आ गया था। उस पर उन्होंने कहा, "बल्लेबाजी के दौरान शरीर के कई हिस्सों में क्रैंप आए, थोड़ा दर्द है।"
अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा, "आप सब कुछ टॉस पर नहीं डाल सकते। हम गेंदबाजी में अच्छे नहीं थे। हमने पहले 20 ओवर में अच्छी गेंदबाजी नहीं की। आपको सही एरिया में गेंदबाजी करनी होती है, जो हमने नहीं किया। यह हमारे लिए एक मुश्किल सीरीज है। हमें बहुत कुछ सीखने को मिला। गेंदबाजी में हमें अच्छा करना होगा। उम्मीद है चेन्नई में हम अच्छा करेंगे।"
भारतीय टीम ने कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की शतकीय पारियों की बदौलत 49.5 ओवर में 402 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने 110 गेंदों पर 154 रन की पारी खेली। इस पारी में गिल ने 2 छक्के और 22 चौके लगाए। ईशान किशन ने 79 गेंदों पर 7 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 125 रन की पारी खेली। गिल का विकेट 43वें ओवर की तीसरी गेंद पर गिरा।
403 रन के बड़े लक्ष्य को हासिल करने उतरी अफगानिस्तान 44.3 ओवर में 232 रन पर सिमट गई और 170 रन के बड़े अंतर से हार गई। सबसे ज्यादा 79 रन रहमत शाह ने बनाए। इसके अलावा, सेदिकुल्लाह अटल ने 42, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 41, और इब्राहिम जादरान ने 21 रन की पारी खेली।
भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 3, गुरनुर बरार ने 3, प्रिंस यादव ने 2, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 1 लिया।

