भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुटबाजी की समस्या हर राजनीतिक दल में कुछ न कुछ होती है और नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटना भी इसी का परिणाम है। राहुल ने कहा कि टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने रातभर चक्काजाम किया और पुलिस ने उनके साथ सख्ती बरती। उन्होंने कहा कि एक समय नरोत्तम मिश्रा प्रदेश के गृह मंत्री थे, लेकिन आज उनकी ही पार्टी उनके साथ इस तरह का व्यवहार कर रही है। राहुल ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा वरिष्ठ नेता हैं और उनके समर्थन में बड़ी संख्या में लोगों का जुटना उनके राजनीतिक कद को दर्शाता है। हालांकि, उनके टिकट कटने से कांग्रेस को कितना राजनीतिक लाभ मिलेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।


दतिया से कांग्रेस उम्मीदवार के सवाल पर अजय सिंह राहुल ने कहा कि पार्टी आज अपने प्रत्याशी की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के फैसले का इंतजार कर रही थी और उसी के अनुरूप रणनीति बनाई गई है। राहुल ने विश्वास जताया कि कांग्रेस का उम्मीदवार आज सभी के सामने होगा और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।