गांधीनगर। गुजरात में नववर्ष को बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोग मंदिरों में दर्शन पूजन कर रहे हैं। इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने भी प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी हैं।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने गुजराती नव वर्ष के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, "मैं सभी को दीपावली और नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। नया साल हमारे लिए नई ऊर्जा, नई ताकत और नए विचार लेकर आता है, जो हमें नई पहल करने के लिए प्रेरित करते हैं। नए साल का विशेष महत्व है, खासकर गुजरात में।"
उन्होंने कहा, "मैं सभी लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' संकल्प के साथ जुड़ने की अपील करता हूं। आने वाली पीढ़ी के लिए विकसित भारत अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस कल्पना को साकार करना एक बड़ा कदम होगा। मुझे विश्वास है कि 'विकसित भारत' संकल्प जरूर पूरा होगा।"
उधर, नए साल के दिन गुजरात के मंदिरों में बड़ी संख्या में लोग दर्शन पूजन के लिए पहुंचे हैं। अहमदाबाद के भद्रकाली मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। देवी का आशीर्वाद पाने के लिए भक्त 1.5 किलोमीटर तक लंबी कतार में खड़े थे।
एक श्रद्धालु ने आईएएनएस से कहा कि हम लोग नववर्ष पर माता रानी के दर्शन के लिए लाइन में खड़े थे। मां के आशीर्वाद से पूरा साल अच्छा रहता है। एक महिला ने कहा कि मां के आशीर्वाद से हमारा हर साल अच्छा रहता है और इसलिए हम लोग भी यहां नववर्ष पर पूजा करने के लिए आते हैं। हमारी यही प्रार्थना है कि मां का आशीर्वाद सभी लोगों पर बना रहे।
वहीं, विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ के अवसर पर वडोदरा के अटलादरा स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। हर वर्ष की परंपरा के अनुसार, नववर्ष की शुरुआत भगवान को अन्नकूट अर्पित करके की गई। गोवर्धन पूजा के पश्चात भगवान की प्रतिमाओं के समक्ष 1200 से अधिक प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भव्य अन्नकूट सजाया गया। इन सभी व्यंजनों को महिला श्रद्धालुओं द्वारा विशेष श्रद्धा और भक्ति भाव से तैयार किया गया था। अन्नकूट के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर नववर्ष का शुभारंभ किया।
















