न्यू टाउन (पश्चिम बंगाल), 10 नवंबर । पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे चर्चा में बने रहने के लिए समय-समय पर इस तरह के बयान देते रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी की ओर से लोकसभा में बहस की चुनौती दिए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए घोष ने कहा कि ऐसे बयानों का जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता और इनका कोई खास मतलब नहीं है।पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी दो-चार महीने तक गायब रहते हैं और फिर अचानक मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए कोई बयान देकर सामने आ जाते हैं। इन बयानों का जनता पर कोई असर नहीं पड़ता। ऐसी बातें बेमानी हैं।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक परेश राम दास की गिरफ्तारी पर भी दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई विधायक, सांसद और यहां तक कि मंत्री तक गिरफ्तार हो चुके हैं। कई नेता फिलहाल जेल में हैं। इन नेताओं के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हैं, लेकिन सत्ता में रहने के दौरान उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। किसी व्यक्ति का राजनीतिक पद या प्रभाव कानून की प्रक्रिया में बाधा नहीं बनना चाहिए।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर दिल्ली पुलिस के पहुंचने के मामले में भी घोष ने कहा कि आरोप किसी भी व्यक्ति पर लगे हों, उनकी जांच सरकार और पुलिस को करनी चाहिए। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी को भी जांच से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए। दिलीप घोष ने कहा, "इस मामले में चाहे कोई भी शामिल हो, उसके खिलाफ लगे आरोपों की जांच सरकार और पुलिस द्वारा की जानी चाहिए।"
बता दें कि दिल्ली पुलिस सोमवार को ममता बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर पहुंची थी। पुलिस ने उन्हें दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 160 के तहत नोटिस दिया। यह नोटिस दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने में वर्ष 2013 में दर्ज एक मामले के सिलसिले में जारी किया गया है। इस घटनाक्रम पर दिलीप घोष की प्रतिक्रिया को पश्चिम बंगाल की सियासत में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

















