भोपाल, जीतेन्द्र यादव: स्वच्छता के क्षेत्र में मध्य प्रदेश का दबदबा एक बार फिर पूरे देश में कायम हुआ है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा सूची में मध्य प्रदेश के 9 शहरों को 'राष्ट्रपति पुरस्कार' के लिए चुना गया है। इस उपलब्धि के बाद पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है और स्वच्छता के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर साबित हुई है।


इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत ये 9 शहर बनेंगे मिसाल

इस बार पुरस्कार हासिल करने वाले शहरों में इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, देवास, रीवा और सागर जैसे बड़े नगरों के अलावा बुधनी और देपालपुर जैसे छोटे शहर भी शामिल हैं। इन शहरों ने कूड़ा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और नागरिक सहभागिता में बेहतर मानक तय करते हुए यह मुकाम हासिल किया है।

कल सुबह 11 बजे मिलेगा सम्मान, नगरीय प्रशासन आयुक्त प्राप्त करेंगे अवॉर्ड

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में कल सुबह 11 बजे से सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जहाँ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्य प्रदेश के इन शहरों को सम्मानित करेंगी। राज्य की ओर से नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे राष्ट्रपति के हाथों यह प्रतिष्ठित पुरस्कार स्वीकार करेंगे।