भोपाल, जीतेन्द्र यादव। स्वच्छ भारत सर्वेक्षण में इस बार राजधानी भोपाल का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। हर साल देश में दूसरा स्थान हासिल करने वाला भोपाल इस बार टॉप-10 की सूची से भी बाहर हो गया है। रैंकिंग में आई इस बड़ी गिरावट के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था और नगर निगम के दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


हाथ में झाड़ू लेकर निगम परिसर पहुंचे कांग्रेस नेता अमित शर्मा

भोपाल की रैंकिंग गिरने की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता अमित शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अनोखे अंदाज में विरोध जताया। उन्होंने खुद हाथ में झाड़ू थामी और निगम परिसर की सफाई शुरू कर दी। इस दौरान निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।


निगम कार्यालय तो सिर्फ शुरुआत, पूरे शहर में चलेगा सफाई अभियान

अमित शर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर निगम परिसर में झाड़ू लगाना केवल एक सांकेतिक शुरुआत है। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों, सार्वजनिक स्थलों और चौराहों पर भी इसी तरह सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों को उनकी जवाबदेही याद दिलाई जा सके।


भ्रष्टाचारी अधिकारियों की वजह से गिरी शहर की रैंकिंग

निगम कार्यालय के बाहर मीडिया से बात करते हुए अमित शर्मा ने सीधे तौर पर नगर निगम के अधिकारियों को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण ही आज भोपाल की यह दुर्दशा हुई है। अधिकारियों की नाकामियों की वजह से शहर की साख खराब हुई है। अब जनता ने भोपाल को साफ रखने की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली है।

- अमित शर्मा, कांग्रेस नेता