छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर एक युवक पर कुल्हाड़ी और लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में पाँच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पार्टी के बहाने बुलाकर फोरलेन के पास घेरा

घटना के संबंध में शिकायतकर्ता लखनलाल, निवासी कुलपहाड़ (उत्तर प्रदेश) ने पुलिस को पूरी आपबीती बताई। उनके अनुसार, रात करीब 11:30 बजे अखिलेश आदिवासी, मूरत आदिवासी, बाबा आदिवासी, कल्लू आदिवासी और नीतू आदिवासी ने उन्हें जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया था। जब लखनलाल फोरलेन के पास पहुँचे, तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

कुल्हाड़ी व पाइप से वार, ₹1,00,000 नकद लूटने का आरोप

पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने लखनलाल पर कुल्हाड़ी और लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार किए। इस जानलेवा हमले में उनके सिर, हाथ, पीठ और पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सिर पर कुल्हाड़ी लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फरियादी का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी जेब से एक लाख रुपये नकद छीन लिए और उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।


बचाने आए लोगों के साथ भी की मारपीट

घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासी छोटे आदिवासी ने घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। शोर सुनकर जब मनप्यारे कपाड़िया और उनके रिश्तेदार लखनलाल को बचाने के लिए आगे आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहनता से जाँच की जा रही है।