कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज हादसा सामने आया है। जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार थार कार ने रॉन्ग साइड से आकर बाइक पर सवार चार दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे हायर सेंटर कानपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
रॉन्ग साइड से आई थार ने मारी टक्कर; 15-20 मीटर दूर उछलकर गिरे युवक
अगौस गांव के रहने वाले विजय उर्फ रामजी (35 वर्ष) का इंदरगढ़ के पटेल नगर तिराहे के पास नया मकान बन रहा था। सोमवार रात करीब 11:20 बजे वे अपने तीन दोस्तों—मनीष सविता (28 वर्ष), वेदराम पाल (40 वर्ष) और आशीष (25 वर्ष)—को अपनी बाइक पर बैठाकर नए मकान दिखाने ले जा रहे थे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। जैसे ही उनकी बाइक कचाटीपुर गांव स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास पहुंची, तभी सामने से रॉन्ग साइड से आ रही अनियंत्रित और तेज रफ्तार (अनुमानित स्पीड 100-120 किमी/घंटा) थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक 15-20 मीटर दूर हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस; आरोपी ड्राइवर की तलाश तेज
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आशीष को कानपुर रेफर किया गया। पुलिस को घटनास्थल के पास का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें थार गाड़ी चारों दोस्तों को रौंदते हुए साफ नजर आ रही है। फुटेज की जांच से पता चला कि घटना के करीब एक किलोमीटर आगे मकरन्दापुर गांव के बाहर थार रुकी थी, जिससे एक शख्स उतरकर पैदल इंदरगढ़ की तरफ भागा। पुलिस अब सीसीटीवी के आधार पर थार और उसमें सवार लोगों की पहचान करने में जुटी है।
मृतकों का पारिवारिक परिचय
- वेदराम पाल (40): खेती-किसानी करते थे और उनके पास 15 बीघा पुश्तैनी जमीन थी। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे (प्रवींद्र, पुष्पेंद्र, आशीष) और एक बेटी प्रियंका है।
- मनीष सविता (28): पुणे में प्राइवेट जॉब करते थे। पिता शशिकांत की तबीयत खराब होने के कारण दो महीने पहले घर आए थे और घर में किसी शादी की तैयारियों में जुटे थे।
- विजय कुशवाहा (35): जूनियर हाईस्कूल अगौस में अनुदेशक (इंस्ट्रक्टर) के पद पर तैनात थे। उनके परिवार में पिता सुभाष चंद्र, पत्नी नीलम और तीन साल का मासूम बेटा रौनक है। इस हादसे के बाद तीनों पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
















