निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ओरछा स्टेशन मोहल्ले में एक भीषण हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। शादी की खुशियों के बीच घर में रखा गैस सिलेंडर फटने से बड़ा धमाका हो गया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक मैकेनिक शहाबुद्दीन की पत्नी रूबी (33 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि रूबी की तीन बहनों, उनके पिता और बच्चों समेत 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। झांसी मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज जारी है।
शादी में जाने के लिए तैयार बैठे थे सभी, अचानक हुआ सिलेंडर ब्लास्ट
झांसी कोतवाली के डाडियापुरा (कल्लनशाह की मजार के पास) निवासी शहाबुद्दीन ने बताया कि उनकी पत्नी रूबी अपनी बड़ी बहन जूली के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए करीब 20 दिन पहले अपने पिता के घर ओरछा स्टेशन मोहल्ले गई थीं। वहां उनकी अन्य तीन बहनें—जूली, शहनाज और नीलोफर—भी अपने बच्चों के साथ पहुंची हुई थीं। 6 नवंबर को परिवार के सभी सदस्य शादी में शामिल होने के लिए तैयार होकर बैठे थे। इसी दौरान घर में रखा सिलेंडर अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि घर में मौजूद चारों बहनें, उनके पिता खलील, भाई समीर, शहनाज के पति एजाज और पांच मासूम बच्चे समेत कुल 12 लोग बुरी तरह झुलस गए।
इलाज के दौरान रूबी की मौत; 11 घायलों का झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान रूबी की मौत हो गई। सोमवार को झांसी में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उनके शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। शहाबुद्दीन ने बताया कि उनकी पहली पत्नी शबनम की 6 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी, जिनसे उनका एक बेटा अबदाल है। घर की स्थिति और बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए उन्होंने 3 साल पहले ओरछा के खलील की बेटी रूबी से दूसरी शादी की थी। पत्नी की मौत के बाद शहाबुद्दीन टूट चुके हैं और उनका कहना है कि अब उनका सबकुछ उजड़ गया है। रूबी के 70 वर्षीय ससुर समसुद्दीन ने नम आंखों से बताया कि वे और उनकी बीमार पत्नी बुजुर्ग हैं। रूबी ने पूरे घर को संभाल रखा था, लेकिन इस हादसे ने उनके बुढ़ापे का इकलौता सहारा भी छीन लिया है।













