नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के केंट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बंगला नंबर 08 इलाके में दीपावली की रात (8 नवंबर 2026) डीजे व पूजन के दौरान हुड़दंग, छेड़छाड़ और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। भाग्येश्वर मंदिर के पास रहने वाले उपद्रवियों पर घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और विरोध करने पर लाठी-डंडों व लोहे की सरियों से हमला करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस द्वारा कथित तौर पर रिपोर्ट दर्ज न करने और अभद्रता किए जाने से आक्रोशित पीड़ित परिवार व मोहल्लेवासी न्याय की गुहार लगाने एसपी कार्यालय पहुंच गए।
घर में घुसकर छेड़छाड़ और विरोध पर जानलेवा हमला
दीपावली की रात करीब 10:30 बजे भाग्येश्वर मंदिर के पास रहने वाला कुणाल चौहान अपने साथियों के साथ एक घर में जबरन घुस आया। आरोप है कि उसने घर की बेटी के साथ छेड़छाड़ की और उसे जबरन उठाने का प्रयास किया। जब परिवार और आसपास के लोगों ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने लाठी, डंडों, पत्थरों और लोहे की सरियों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए मोहल्ले के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
केंट थाने पर रिपोर्ट न लिखने और अभद्रता का आरोप
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोग रात करीब 11:30 बजे न्याय के लिए केंट थाने पहुंचे। पीड़ित महिला वंदना फुलवानी ने आरोप लगाया कि थाने में पदस्थ अधिकारी (टू स्टार मंसूरी) ने उनकी रिपोर्ट लिखने से साफ इनकार कर दिया और उनके साथ अभद्रता व बदतमीजी की। पुलिस के इस रवैये से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद बड़ी संख्या में समाजजन और पीड़ित परिवार जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश व्यास स्वयं कक्ष से बाहर आए और पीड़ितों की पूरी बात सुनी। उन्होंने मामले में निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया है।















