छतरपुर/बकस्वाहा, राजू दुबे। थाना क्षेत्र के मढ़देवरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई। विवाद के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने गांव की शराब दुकान पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान दुकान में आग लगाने का प्रयास किया गया और तोडफ़ोड़ करते हुए सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।

शराब दुकान के सेल्समैन महेंद्र राय के अनुसार, दुकान के सामने पहले दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके कुछ देर बाद गुस्साए लोग दुकान पर पहुंच गए और तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। सेल्समैन ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी दुकान को आग के हवाले करने की कोशिश की गई। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी प्रशांत सेन ने बताया कि पुलिस फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।