गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का मान बढ़ाने वाले युवा क्रिकेटर प्रतीक त्रिपाठी ने एशियाई टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। हाल ही में विजेता भारतीय टीम के खिलाड़ी प्रतीक ने टीम के कप्तान अमन राज और अन्य खिलाड़ियों के साथ राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को भारतीय टीम की विजेता जर्सी भेंट की।


मुख्यमंत्री योगी से शिष्टाचार भेंट; जर्सी भेंट कर साझा की जीत की खुशी

मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतीक त्रिपाठी और कप्तान अमन राज ने सीएम योगी को चैंपियनशिप की विजेता जर्सी सौंपी। मुख्यमंत्री के साथ इस मुलाकात में भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ी अविनाश साहनी, रोहित शर्मा और नमन सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


गोरखपुर और पैतृक गांव खोरमा में जश्न का माहौल; दी गईं बधाइयां

शाहपुर के आदित्यपुरी धर्मपुर निवासी प्रतीक त्रिपाठी, शरदेन्द्र त्रिपाठी के सुपुत्र हैं। उन्होंने चैंपियनशिप के मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर भारतीय टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया है। प्रतीक की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके पैतृक गांव खोरमा और पूरे गोरखपुर में खुशी और जश्न का माहौल है। दयाशंकर त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, अभिषेक मिश्रा, हरिनाथ त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह, शरस चंद्र जायसवाल और शुभम त्रिपाठी सहित तमाम गणमान्य लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी है।