शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की बदरवास तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैराई में दीपावली के अगले दिन भील समाज की एक बेहद अनोखी और खतरनाक परंपरा देखने को मिली। मन्नत पूरी होने के बाद ग्रामीण गोवंश की पूजा-अर्चना करने के बाद एक चिन्हित रास्ते पर लेट जाते हैं, जिसके बाद उनके ऊपर से दर्जनों गायों का झुंड गुजरता है। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा का निर्वहन मंगलवार को भी बड़े हर्ष, उल्लास और गहरी आस्था के साथ किया गया। हालांकि, इस तरह के आयोजन में जान का जोखिम रहता है, लेकिन ग्रामीणों का अटूट विश्वास है कि इस परंपरा को निभाने वाले को खरोंच तक नहीं आती है।
5 दिनों तक मंदिर में उपवास और पूजा; गोवंश के सामने प्रकट की जाती है आस्था
खैराई गांव में भील समाज के लोग अपनी मनोकामना (मन्नत) पूरी होने पर इस धार्मिक परंपरा को निभाते हैं। मन्नत मांगने वाले युवक आयोजन से पहले 5 दिनों तक गांव के बाहर स्थित हनुमान मंदिर में रहकर नियमपूर्वक पूजा-अर्चना करते हैं और उपवास रखते हैं। मन्नत पूरी होने के बाद दीपावली के दूसरे दिन विशेष आयोजन होता है। इसमें मन्नतधारी सबसे पहले गोवंश की विधि-विधान से पूजा करते हैं और फिर रास्ते में लेटकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं।
नारियल, फूल और चुनरी से सजाकर निकाली जाती है गायों की पूजा यात्रा
आयोजन के दौरान गायों को विशेष रूप से सजाया जाता है। ग्रामीणों द्वारा गोवंश को नारियल, फूल अर्पित करने के साथ ही भवानी माता की चुनरी भी ओढ़ाई जाती है। पूजा के बाद गायों को पूरे गांव में घुमाया जाता है। इसके बाद मन्नतधारी ग्रामीण रास्ते पर एक कतार में लेट जाते हैं और उनके ऊपर से दर्जनों गायों का झुंड तेजी से गुजरता है। इस दौरान चारों तरफ तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारे गूंज उठते हैं।
सांस्कृतिक विरासत और गोवंश के प्रति सम्मान का संदेश
ग्रामीण इस परंपरा को अपनी अटूट धार्मिक आस्था, गोवंश के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक संरक्षण से जोड़कर देखते हैं। समाज के लोगों का मानना है कि आधुनिकता के इस दौर में भी इस तरह के प्राचीन आयोजन नई पीढ़ी को उनकी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जोड़े रखने का एक माध्यम बने हुए हैं।













