इंदौर, रविकांत वर्मा। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के सूर्यदेव नगर में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सास द्वारा जींस पहनने से मना करने के बाद विवाद हुआ, जिससे आहत होकर महिला ने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान गौरी पत्नी राहुल के रूप में हुई है। गौरी की बहन पूजा ने पुलिस को बताया कि गौरी ने ससुराल में पहली बार जींस पहनी थी। इसी बात को लेकर उसकी सास शारदा नाराज हो गईं और दोनों के बीच विवाद हो गया। उस समय गौरी की चचेरी बहन किरण भी घर पर मौजूद थी, जो पिछले एक महीने से उसके साथ रह रही थी।
परिजनों के मुताबिक, जींस पहनकर बाहर आने पर सास ने गौरी को डांटना शुरू कर दिया और इस दौरान पति राहुल को भी बुरा-भला कहा गया। विवाद के बाद गौरी काफी दुखी होकर अपने कमरे में चली गई। उसी दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति राहुल मोबाइल चला रहा था, जबकि उनकी छोटी बेटी हॉल में खेल रही थी।
सोमवार दोपहर बच्ची के रोने पर राहुल ने गौरी को आवाज लगाई, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। जब वह कमरे में पहुंचा तो गौरी फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

