उज्जैन। मध्य प्रदेश में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का सितंबर माह में उज्जैन दौरा प्रस्तावित हुआ है। इस दौरे के दौरान वे उज्जैन संभाग के उन सभी नए और जमीनी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे, जिनकी नियुक्तियाँ हाल ही में पार्टी के 'संगठन सृजन' अभियान के माध्यम से की गई हैं। राहुल गांधी के इस प्रस्तावित कार्यक्रम में उज्जैन के अलावा रतलाम, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच जिले के हजारों कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।


क्षीरसागर और कार्तिक मेला ग्राउंड पर मंथन, अनुमति का इंतजार

राहुल गांधी के दौरे की खबर मिलते ही उज्जैन जिला कांग्रेस कमेटी तैयारियों में जुट गई है। जिला अध्यक्ष महेश परमार और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी कार्यक्रम की रणनीति और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं। आयोजन स्थल के लिए क्षीरसागर मैदान और कार्तिक मेला ग्राउंड को चिन्हित किया गया है। स्थानीय प्रशासन से अनुमति मिलते ही चयनित स्थल पर वाटरप्रूफ डोम का निर्माण शुरू किया जाएगा।


बूथ और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं की लेंगे बैठक

संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी उज्जैन संभाग के कांग्रेस संगठन की जमीनी हकीकत की समीक्षा करेंगे। इस दौरान वे केवल बड़े नेताओं से ही नहीं, बल्कि सीधे निचले स्तर के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे।


बैठक में शामिल होने वाले प्रमुख पदाधिकारी: जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष व जिला/ब्लॉक कार्यकारिणी, मंडलम अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी, ग्राम पंचायत कमेटी अध्यक्ष, बीएलए-2 (Booth Level Agent) व बूथ स्तर के कार्यकर्ता


महाकाल मंदिर में दर्शन का भी बन रहा प्लान, रीवा में भी प्रस्तावित है दौरा

पूर्व की यात्राओं की भांति इस बार भी राहुल गांधी के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर जाकर बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन और आशीर्वाद लेने की पूरी संभावना है। हालांकि, दर्शन कार्यक्रम बैठक से पहले होगा या बाद में, इस पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। उज्जैन दौरे की अंतिम तारीखों का आधिकारिक ऐलान होना अभी शेष है। उज्जैन संभाग के बाद राहुल गांधी का इसी तरह का एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन रीवा संभाग में भी प्रस्तावित है।