भोपाल। मध्यप्रदेश में NEET UG-2026 को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। राज्य के प्रमुख गांधी मेडिकल कॉलेज सहित मेडिकल कॉलेजों में 2 और 3 मई की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। इन दोनों दिनों में सभी छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, किसी भी छात्र को इन तारीखों में अवकाश नहीं दिया जाएगा। यह निर्णय नेशनल मेडिकल कमीशन के निर्देशों के बाद लिया गया है, क्योंकि 3 मई को देशभर में NEET UG परीक्षा आयोजित की जानी है।
बताया जा रहा है कि यह कदम पूर्व में हुए व्यापमं घोटाला जैसी घटनाओं से सबक लेते हुए उठाया गया है। उस मामले में फर्जी तरीके से दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने के मामले सामने आए थे। इसी तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए अब कॉलेज प्रशासन छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखेगा। प्रशासन का मानना है कि इस सख्ती से परीक्षा की पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी भी प्रकार की अवैध भागीदारी पर रोक लगाई जा सकेगी।

