Wednesday, February 4, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशशहडोलजिम में बज रहे थे अश्लील गाने, फिर हुआ चौंकाने वाला कांड...!

जिम में बज रहे थे अश्लील गाने, फिर हुआ चौंकाने वाला कांड...!

Post Media
News Logo
Peptech Time
27 जनवरी 2026, 09:30 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

शहडोल जिले के बुढ़ार रोड स्थित एक जिम में सोमवार को अश्लील गाने बजाने का विरोध करना एक युवक के लिए भारी पड़ गया। जिम में मौजूद दबंगों ने न केवल युवक के साथ मारपीट की, बल्कि भारी-भरकम डम्बल से उसके सिर पर जानलेवा हमला भी कर दिया। यह पूरी वारदात जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।


जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। जिम में कुछ युवक तेज आवाज में अश्लील गाने बजा रहे थे, जिससे वहां वर्कआउट कर रही एक युवती को असहजता महसूस हुई। युवती ने जब आवाज धीमी करने या गाना बदलने का अनुरोध किया, तो युवकों ने उसे अनसुना कर दिया। इसके बाद युवती के साथ मौजूद ऋषि मिश्रा ने जब शालीनता से दोबारा वही बात कही, तो आरोपी युवक उग्र हो गए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने एकजुट होकर ऋषि मिश्रा पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान एक आरोपी ने जिम में रखा भारी डम्बल उठाकर ऋषि के सिर पर दे मारा। हमले में ऋषि लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वहां मौजूद युवती ने बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वह कुछ नहीं कर सकी। गंभीर रूप से घायल ऋषि को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जिम के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लिया। वीडियो में हमलावर साफ तौर पर ऋषि को पीटते और डम्बल से हमला करते नजर आ रहे हैं। सब इंस्पेक्टर उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर 6 युवकों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बहरहाल शहडोल के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने जिम में सुरक्षा और माहौल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जिमों में अनुशासन की कमी के कारण अक्सर विवाद होते हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के समय जिम का स्टाफ कहां था और उन्होंने विवाद को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)