छिंदवाड़ा/चौरई, जीशान अंसारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिले के चौरई क्षेत्र के कुंडा स्थित प्रसिद्ध दादा सैलानी दरबार शरीफ में विशेष आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को लेकर दरगाह में चादरपोशी की गई और उनकी लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना को लेकर विशेष दुआ की गई। कार्यक्रम अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर वासिद अली, सूफ़ी संवाद के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. असलम साहब एवं सूफ़ी संवाद के प्रदेश प्रभारी सैयद दिलशाद अली काजी साहब के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। दरगाह शरीफ में पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ चादर पेश की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के साथ देश की खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की गई।


दरगाह में गूंजी अमन और भाईचारे की दुआ

चादरपोशी के दौरान देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव, खुशहाली और तरक्की के लिए भी विशेष दुआ की गई। साथ ही उत्तराखंड में सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना करते हुए दुआ की गई। आयोजन के माध्यम से समाज में एकता, सेवा और सद्भाव का संदेश देने का प्रयास किया गया।


जायरीनों में बांटे फल

चादरपोशी के उपरांत दादा सैलानी दरबार शरीफ में आने वाले जायरीनों के बीच फल वितरण किया गया। आयोजन में शामिल लोगों ने सेवा के माध्यम से समाज में भाईचारे और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। दरगाह परिसर में मौजूद जायरीनों और ग्रामीणों ने भी आयोजन में सहभागिता की।


सूफी पीर मोहम्मद 'दस्सू बाबा' सहित अनेक लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर सूफ़ी संवाद के सह-प्रभारी सूफ़ी पीर मोहम्मद (दस्सू बाबा), अध्यक्ष जिला हज कमेटी, मंगल भैया सहित ग्रामीण क्षेत्र के सदस्य, लाभार्थी, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान वक्ताओं और उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की तरक्की के साथ समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा कायम रहना आवश्यक है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर दरगाह में की गई चादरपोशी और दुआ को इसी भावना से जोड़कर देखा गया। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। चौरई कुंडा स्थित दादा सैलानी दरबार शरीफ में हुए इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा का भी स्वरूप देखने को मिला। चादरपोशी, दुआ और फल वितरण के जरिए देश की खुशहाली एवं सामाजिक सौहार्द की कामना की गई।