मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। सावन के पहले सोमवार पर विश्वप्रसिद्ध अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ महादेव के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह 6 बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय नजर आया।


दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना की। पशुपतिनाथ लोक के निर्माण के बाद यह पहला सावन और पहला सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नवविकसित पशुपतिनाथ लोक की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण ने भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया।


श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर समिति और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और सुगम दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया गया है। पहले सोमवार पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तिभाव और उत्साह का माहौल बना रहा।