सागर, बृजपाल सिंह राजपूत। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के परिपालन में मंगलवार को सागर जिले के मालथौन के ग्राम चक्र बगोनिया में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आदिवासी महिला मालती आदिवासी को उसकी कृषि भूमि पर कब्जा दिलाया। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया की मौजूदगी में खसरा नंबर 70 की भूमि की रोवर मशीन से नपती कराकर सीमांकन किया गया।


जानकारी के अनुसार, एक आपराधिक मामले में पूर्व जनपद अध्यक्ष गोविंद सिंह राजपूत की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मालती आदिवासी की कृषि भूमि का सीमांकन कर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए थे। न्यायालय ने यह कार्रवाई सागर कलेक्टर और एसपी की उपस्थिति में कराने के निर्देश भी दिए थे।


निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार 29 सितंबर को कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अमला ग्राम चक्र बगोनिया पहुंचा। रोवर मशीन से भूमि की नपती कर सीमाएं निर्धारित की गईं और पत्थर की मुंडियां गड़वाई गईं। इसके बाद ट्रैक्टर से खेत की जुताई कराकर मालती आदिवासी को मौके पर ही विधिवत कब्जा सौंप दिया गया।


कार्रवाई के दौरान सीमावर्ती किसानों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि मालती आदिवासी ने भूमि पर कब्जा प्राप्त कर लिया है और अब वह स्वतंत्र रूप से अपनी कृषि भूमि पर खेती कर सकेंगी। सीमावर्ती किसानों को कार्रवाई से पहले नोटिस भी तामील कराए गए थे।


मौके पर अनुविभागीय अधिकारी, एसडीओपी, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस बल मौजूद रहा।