छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान तेजी से चल रहा है। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान विभिन्न कारणों से कुल 75,169 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए थे, जिसके बाद अब कुल मतदाताओं की संख्या 13.72 लाख रह गई है। इन कटी हुई सूचियों में स्थानांतरित, मृत, अनुपस्थित और दोहरी प्रविष्टि वाले नाम शामिल थे। नागरिकों की सुविधा के लिए अब प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों के नाम दोबारा जोड़े जा रहे हैं।


2003 की अनिवार्यता समाप्त, अब प्रपत्र-6 से आसानी से जुड़ेंगे नाम

शासन के निर्देशों के बाद अब वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम होने की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है, जिससे उन लोगों को बड़ी राहत मिली है जिनका मिलान पहले नहीं हो पा रहा था। जिन नागरिकों के नाम सूची से कट चुके हैं या जो नए मतदाता बनना चाहते हैं, वे प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ पहचान और पते के प्रमाण के रूप में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की अंकसूची, बिजली बिल या समग्र आईडी जैसे दस्तावेज संलग्न करने होंगे। यह सभी दस्तावेज स्थानीय बीएलओ के पास जमा किए जा सकते हैं या निर्वाचन आयोग के डिजिटल माध्यमों से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।


अब तक 22 हजार से अधिक नए नाम जुड़े, प्रशासन की अपील

एडीएम विनय द्विवेदी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 18 से 19 वर्ष के युवाओं के 8 हजार से अधिक और 19 वर्ष से अधिक आयु के 13,825 से ज्यादा नाम जोड़े जा चुके हैं, जिससे कुल 22,495 नए नाम सूची में शामिल हो चुके हैं। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि जो पात्र व्यक्ति अभी भी छूट गए हैं, वे 28 अक्टूबर की अंतिम तिथि से पहले अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करवाएं। इस पूरी प्रक्रिया के तहत 12 नवंबर को प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा और 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

स्थानांतरित मतदाता- 39408

मृत मतदाता- 16792

अनुपस्थित मतदाता- 13731

दोहरी प्रविष्टि- 4679

अन्य मतदाता- 559