उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की कृषि अध्ययनशाला की नई बिल्डिंग में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बिल्डिंग की दीवार पर लाल कुमकुम से “तुम सब मरोगे” लिखे जाने के साथ गेट पर संदिग्ध तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियां मिलने से पूरे परिसर में डर का माहौल बन गया है। छात्र और शिक्षक इस घटना को लेकर सहमे हुए हैं और इसे शरारत या साजिश के रूप में देख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह जब चौकीदार मुख्य गेट पर पहुंचा तो उसने देखा कि वहां एक मटकी, लाल कपड़ा और कुमकुम बिखरा हुआ है। पास ही दीवार पर खौफनाक चेतावनी लिखी हुई थी। चौकीदार ने बिना छेड़छाड़ किए तुरंत अधिकारियों को सूचना दी।


सबसे हैरानी की बात यह है कि घटना से पहले रात करीब 2 बजे तक परिसर में स्टाफ मौजूद था, इसके बावजूद बदमाशों ने 2 से 3 बजे के बीच यह हरकत कर दी और फरार हो गए। नई बिल्डिंग में हाल ही में क्लासेस शुरू हुई हैं और यहां करीब एक हजार छात्र अध्ययन कर रहे हैं, ऐसे में इस घटना ने सभी को डरा दिया है। घटना के बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि बिल्डिंग के बाहरी हिस्सों में CCTV कैमरे नहीं लगे हैं। इससे आरोपियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टेलर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से संदिग्ध सामग्री हटवाई और दीवार पर लिखे शब्दों को पुताई कर मिटवा दिया। साथ ही पूरी घटना की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठ रही है।