मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर जिले के शामगढ़-मंदसौर मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शामगढ़ से मंदसौर की ओर जा रही एक निजी यात्री बस अज्ञात कारणों से अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने खिड़कियां तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, बस ग्राम डीगांव से माल्या वाले रोड पर गुजर रही थी, तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ। एसडीओपी कीर्ति बघेल, स्थानीय तहसीलदार, सीएसपी और कोतवाली टीआई भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही कलेक्टर अदिति गर्ग और एसपी विनोद कुमार मीणा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने प्रत्येक घायल और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में कोई कोताही न बरती जाए और उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाए।
कलेक्टर अदिति गर्ग ने इस बस हादसे की विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही, उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मृतक के परिवार और घायल यात्रियों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष (PM Relief Fund) से आर्थिक सहायता दिलाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि बस के पलटने के तकनीकी और अन्य कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल जिला अस्पताल में स्थिति नियंत्रण में है और घायलों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार निगरानी रख रहे हैं।



