सागर। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सागर शहर की पीली कोठी वाले बाबा की दरगाह सामाजिक सरोकार और इंसानियत की मिसाल बनी। दरगाह परिसर में आयोजित नि शुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस जनहितकारी पहल की शुरुआत विधायक शैलेंद्र जैन ने की।
शिविर के शुभारंभ से पहले विधायक शैलेंद्र जैन दरगाह पहुंचे और हजरत सैयद दाऊद मक्की चिश्ती उर्फ पीली कोठी वाले बाबा की मजार पर चादर पेश कर अमन चैन और शहर की खुशहाली की दुआ मांगी। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया और दरगाह कमेटी की इस पहल की सराहना की।
स्वास्थ्य शिविर में शहर के अनुभवी और विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। डॉ भरत कुमार अहिरवार, डॉ राहुल अहिरवार, डॉ काजी वसीम उद्दीन एवं डॉ रुचि श्रीवास्तव ने बड़ी संख्या में मरीजों की जांच की, उन्हें परामर्श दिया और नि शुल्क दवाइयों का वितरण किया। सुबह से ही शिविर में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक शैलेंद्र जैन ने दरगाह कमेटी द्वारा हर माह नि शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्णय को ऐतिहासिक और जनहितकारी बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
दरगाह कमेटी से जुड़े युवाओं की यह पहल शहरवासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। धार्मिक स्थल को सेवा और मानवता के केंद्र के रूप में विकसित करने का यह प्रयास सागर शहर में सामाजिक समरसता और सेवा भाव की नई मिसाल पेश कर रहा है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पीली कोठी वाले बाबा की दरगाह में आयोजित यह नि शुल्क स्वास्थ्य शिविर न सिर्फ एक आयोजन रहा, बल्कि जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने और समाज को जोड़ने वाली एक प्रेरणादायक पहल के रूप में सामने आया।

