मिल्वौकी। पोलैंड को भारत के साथ रक्षा और अंतरिक्ष के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की काफी संभावनाएं नजर आ रही हैं। पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की ने कहा कि उनका देश स्पेस सेक्टर में अपना निवेश दोगुना कर रहा है और पोलिश स्पेस कंपनियों को भारत लाने की योजना भी बना रहा है।
जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से अलग आईएएनएस को दिए एक खास इंटरव्यू में डोमान्स्की ने कहा कि रक्षा, अंतरिक्ष, मशीनरी और फूड प्रोसेसिंग ऐसे क्षेत्र हैं, जहां भारत और पोलैंड आर्थिक सहयोग को और बढ़ा सकते हैं।
डोमान्स्की ने कहा, "एक ऐसे देश के तौर पर जो तेजी से अपने रक्षा उद्योग को विकसित कर रहा है, हमारा मानना है कि रक्षा क्षेत्र में सहयोग की काफी गुंजाइश है।"
डोमान्स्की ने अंतरिक्ष क्षेत्र को भी दोनों देशों के बीच सहयोग के एक नए और अहम क्षेत्र के तौर पर बताया। उन्होंने कहा कि हमने स्पेस इंडस्ट्री में अपना निवेश दोगुना करने का भी फैसला किया है। हम निश्चित रूप से अपनी स्पेस कंपनियों को भारत लेकर आएंगे।
डोमान्स्की ने कहा कि मशीनरी सेक्टर भी दोनों देशों के कारोबारी रिश्तों को आगे बढ़ाने का एक बड़ा मौका देता है। उन्होंने कहा कि हम मशीनरी के क्षेत्र में काफी मजबूत हैं, इसलिए यह भी आगे सहयोग बढ़ाने वाला एक क्षेत्र है। पोलैंड फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में भी भारत के साथ कारोबार बढ़ाने की संभावनाएं देख रहा है।
डोमान्स्की ने कहा, "फूड प्रोसेसिंग भी एक अहम क्षेत्र है। पोलैंड खाद्य उत्पादों का बड़ा निर्यातक है, जिसमें पोल्ट्री उत्पाद भी शामिल हैं। हमारा मानना है कि इस क्षेत्र में कारोबार और बढ़ाने की गुंजाइश है।"
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पोलैंड भारत के साथ अपने रिश्तों में आर्थिक सहयोग को और ज्यादा मजबूत करना चाहता है। डोमान्स्की ने भारत को दुनिया की एक महत्वपूर्ण अर्थव्यवस्था बताया और कहा कि पोलैंड उसके साथ लंबे समय तक चलने वाले स्थिर आर्थिक रिश्ते बनाना चाहता है।
उन्होंने कहा, "हम भारत को एक वैश्विक नेता के तौर पर देखते हैं। हम भारत को महत्वाकांक्षी लोगों का देश मानते हैं, बिल्कुल पोलैंड के लोगों की तरह।" उन्होंने कहा, "हम भारत को एक लोकतांत्रिक देश के रूप में देखते हैं, जो हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम भारत के साथ स्थिर आर्थिक रिश्ते बनाना चाहते हैं।"
पोलैंड के मंत्री ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था बढ़ने के साथ-साथ वारसॉ नए व्यापारिक साझेदारों की तलाश भी कर रहा है। इस साल पोलैंड की अर्थव्यवस्था के करीब 3.5 से 3.6 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने पोलैंड को यूरोप की तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि हम लगातार नए और महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार तलाश रहे हैं। भारत एक विशाल देश और एशिया का प्रमुख देश है। हम भारत के साथ ज्यादा करीबी व्यापारिक रिश्ते बनाना चाहते हैं।











