सागर,त्रिवेन्द्र जाट । सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच महाराजपुर पुलिस ने कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस कंट्रोल रूम सागर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अजय भदौरिया पुलिस टीम के साथ समनापुर साहजू के आफतगंज टोला पहुंचे।


पुलिस टीम ने संदिग्ध घरों में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के नीचे गड्ढे बनाकर कुप्पों में छिपाकर रखा गया महुआ लहान बरामद हुआ। कुछ कुप्पों में महुआ लहान घरों के अंदर भी रखा मिला।


पुलिस ने मौके पर ही करीब 100 लीटर महुआ लहान को नष्ट कर दिया। पुलिस की कार्रवाई से अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस ने क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।