विदिशा। मध्य प्रदेश के गंजबासौदा में ड्रग माफिया पुलिस से बचने के लिए अब हाईटेक तरीके अपना रहे हैं। पुलिस ने एक ऐसे बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जहां ब्राउन शुगर (ड्रग्स) की बिक्री पूरी तरह डिजिटल हो गई थी। इस नए तरीके में ग्राहक और डीलर का कभी आमना-सामना ही नहीं होता था।


कैसे काम करता था यह डिजिटल नेटवर्क?

पुलिस जांच में सामने आया है कि नशे के इस कारोबार में डिजिटल लेनदेन का इस्तेमाल किया जा रहा था। सबसे पहले ग्राहक डीलर को फोन-पे या किसी अन्य डिजिटल माध्यम से ड्रग्स के पैसे भेजता था। भुगतान कन्फर्म होने के बाद, डीलर ब्राउन शुगर की पुड़िया किसी गुप्त स्थान (जैसे- पत्थर के नीचे या किसी कोने में) छिपा देता था। डीलर उस जगह का वीडियो बनाता था और उसे व्हाट्सएप के जरिए ग्राहक को भेज देता था। ग्राहक वह वीडियो देखकर बताई गई जगह पर पहुंचता और अपनी नशे की पुड़िया उठा लेता था।


यह भी पढ़ें: अनाज तिलहन व्यापार उत्थान कल्याण संघ के चुनाव के लिए मतदान जारी, 294 व्यापारी चुनेंगे नई कार्यकारिणी


'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' के तहत बड़ी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के अनुसार, 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' के तहत गंजबासौदा पुलिस ने इस डिजिटल ड्रग नेटवर्क से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 38.56 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। साथ ही, पुलिस ने आरोपियों की एक ईकोस्पोर्ट कार, एक मोटरसाइकिल, 5 मोबाइल फोन और 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे समेत करीब 16.50 लाख रुपए का माल भी जब्त किया है।


राजस्थान से जुड़े हैं ड्रग्स के तार

जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क चार स्तरों पर काम कर रहा था। ब्राउन शुगर की मुख्य सप्लाई राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से होती थी। थोक आपूर्ति में ललित मीना, रामस्वरूप मीना, मोहन मीना और बालचंद तलवार के नाम सामने आए हैं। वहां से ड्रग्स ट्रेन, बस व अन्य साधनों के जरिए भोपाल और फिर विदिशा जिले तक पहुंचाई जाती थी, जिसे गंजबासौदा में छोटे स्तर पर ग्राहकों को बेचा जाता था।


यह भी पढ़ें: हेमंत खंडेलवाल ने की पूजा-अर्चना, कांग्रेस पर बरसे- विदेशी ताकतों के इशारे पर कर रही काम


1 अक्टूबर से शुरू हुई थी धरपकड़

पुलिस की यह कार्रवाई 1 अक्टूबर को शुरू हुई थी, जब मुखबिर की सूचना पर दमयंती धर्मकांटा के पास से अनुज दुबे और यशवंत रघुवंशी को पकड़ा गया। इसके बाद कड़ी से कड़ी जुड़ती गई:

2 अक्टूबर: त्योदा रोड पुलिया के पास से राजा रघुवंशी और विनीता जाटव को ईकोस्पोर्ट कार और 20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।

उसी दिन: शिवनगर रेलवे पुलिया से मोहित उर्फ लड्डू दांगी और न्यू बस स्टैंड के पास से धर्मेन्द्र दांगी (7.70 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ) को पकड़ा गया।


गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

  1. अनुज दुबे उर्फ अन्नू महाराज (22 वर्ष)
  2. यशवंत रघुवंशी (36 वर्ष)
  3. राजा रघुवंशी (26 वर्ष)
  4. मोहित उर्फ लड्डू दांगी (23 वर्ष)
  5. विनीता जाटव (23 वर्ष)
  6. धर्मेन्द्र दांगी (31 वर्ष)


फिलहाल, पुलिस डिजिटल ट्रेल (मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट और बैंक लेनदेन) खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क के ग्राहकों और पैसों के रास्ते का पूरा पता लगाया जा सके। आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।