छतरपुर, संदीप यादव। शहर के बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में गणेश चतुर्थी के अवसर पर मूर्तिकारों द्वारा लगाई गई गणेश प्रतिमाओं की दुकानों को हटाने के लिए शुक्रवार शाम सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से मूर्तिकारों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, स्टेडियम में गणेश प्रतिमाओं की दुकानें लगाए जाने को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से सिविल लाइन थाने में सूचना दी गई थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकानों को हटाने की कार्रवाई के संबंध में मूर्तिकारों से चर्चा की।
दुकान हटाए जाने की सूचना के बाद परेशान मूर्तिकारों ने हिंदू संगठनों को मामले की जानकारी दी। शनिवार को हिंदू संगठन के पदाधिकारी और मूर्तिकार विश्वविद्यालय पहुंचे और कुलपति से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए लगाई गई दुकानों को हटाए जाने के संबंध में अपनी बात रखी और उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की। मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन और मूर्तिकारों के बीच चर्चा के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।














