छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। नगर के मुख्य बस स्टैंड परिसर में नगर परिषद की दुकानों के बरामदों में शराबियों की महफिल और असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत को पेप्टिक टाइम न्यूज द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। खबर प्रसारित होने के कुछ ही समय बाद चंदला थाना प्रभारी उदयवीर सिंह तोमर ने रविवार देर रात पुलिस बल के साथ बस स्टैंड परिसर में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।


टीआई के अचानक पहुंचने से बस स्टैंड परिसर में मौजूद नशेबाजों और अराजक तत्वों में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और नशा कर हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थल पर किसी भी तरह की अव्यवस्था और यात्रियों, विशेषकर महिलाओं के लिए असुरक्षा का माहौल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


हाथ-ठेलों से लगने वाले जाम पर भी कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड के मुख्य गेट पर बेतरतीब तरीके से लगाए गए हाथ-ठेलों से यातायात प्रभावित होने का मामला भी सामने आया। थाना प्रभारी ने ठेला संचालकों को निर्धारित स्थान पर ही दुकानें लगाने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


खबर का असर, पुलिस की सक्रियता की सराहना

स्थानीय नागरिकों और यात्रियों का कहना है कि बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से नशेबाजों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े से परेशानी बनी हुई थी। पेप्टिक टाइम न्यूज द्वारा जनसमस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई किए जाने से लोगों में राहत है। नागरिकों ने जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और त्वरित कार्रवाई के लिए पेप्टिक टाइम न्यूज की पहल की सराहना की। वहीं देर रात स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और सख्त निर्देश देने पर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह तोमर की सक्रियता की भी लोगों ने प्रशंसा की।