गैसाबाद प्रीमियर लीग में शानू की तूफानी पारी ने महेबा को बनाया 'सिकंदर'

Advertisement
हटा, (सुदीप नगरिया)। उपतहसील मुख्यालय गैसाबाद में जेएसडब्ल्यू सीमेंट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित गैसाबाद प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे लीग मैच में महेबा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राहुल इलेविन को 33 रनों से पराजित कर दिया। इस रोमांचक मुकाबले ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी महेबा टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में मजबूत 154 रनों का स्कोर खड़ा किया। पूरी टीम ने आक्रामक और संतुलित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया, जिसमें शानू राजा की शानदार पारी ने मैच का रुख पूरी तरह महेबा की ओर मोड़ दिया। लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी राहुल इलेवीन टीम निर्धारित ओवरों में 122 रन ही बना सकी और 33 रनों से मैच हार गई। महेबा के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया। शानू राजा को उनकी उम्दा पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। उनकी बल्लेबाजी ने टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। मंच पर भाजपा नेता लक्ष्मण प्रसाद तिवारी, गोपाल पटेल, सुक्की पटैल, सुलेमान खां एवं रणधीर दाहिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजक समिति के सदस्य दिनेश पटैल, श्रीराम दहिया, राहुल लंबरदार और यशीन खां ने सक्रिय भूमिका निभाई। मैच की रोचक कमेंट्री दशरथ विदुआ, राहुल पटैल और सियाराम पटैल ने की, जिससे दर्शकों का जोश बरकरार रहा। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी गैसाबाद पुलिस के आरक्षक सोनू कुर्मी, भूपेंद्र पटैल और संदीप कुर्मी ने संभाली।
