छतरपुर, शिवम सोनी। बमीठा थाना क्षेत्र के मजोटा निवासी एवं डाक विभाग में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत दीपेन्द्र पटेल (30) का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद जिला अस्पताल में निधन हो गया। बताया गया है कि दीपेन्द्र लंबे समय से टीबी (क्षय रोग) से पीड़ित थे और उनका उपचार चल रहा था। स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने के बाद उन्होंने जिला अस्पताल में अंतिम सांस ली।

दीपेन्द्र पटेल की असमय मृत्यु से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

युवक के निधन की सूचना मिलते ही रिश्तेदार, परिचित और शुभचिंतक जिला अस्पताल पहुंच गए। आवश्यक चिकित्सकीय एवं कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिवार में इस दुखद घटना के बाद मातम का माहौल है।