इंदौर, रविकांत वर्मा: आय से अधिक संपत्ति के मामले में इंदौर लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान और उनकी महिला परिचित रोशनी वर्मा का नाम चर्चा में आ गया है। लोकायुक्त टीम द्वारा फिरोज खान के ठिकानों पर की गई छापेमारी में अब तक 33 अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है, जिनकी बाजार कीमत करीब 29 करोड़ 73 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में सामने आया है कि फिरोज खान की कुल वैध आय करीब 1 करोड़ 93 लाख रुपये है, जबकि उनके द्वारा करीब 12 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए जाने की जानकारी मिली है। यानी ज्ञात आय से लगभग 11 करोड़ रुपये अधिक का खर्च सामने आया है।
रोशनी वर्मा के नाम पर जमीन का सौदा
सांवेर के ग्राम गुरान में 21.75 बीघा जमीन का मामला भी तूल पकड़ रहा है। फरियादी किसान गौरव चौधरी के अनुसार, उनके परिवार के जमीन विवाद के दौरान फिरोज खान ने उनके पिता से 35 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से सौदा किया था। आरोप है कि इस जमीन का पंजीकृत एग्रीमेंट फिरोज खान की परिचित रोशनी वर्मा के नाम पर कराया गया था। अदालत से स्थगन मिलने और परिवार में समझौता होने के बाद भी उन पर दबाव बनाकर जमीन बेचने का प्रयास किया गया।
अन्य खुलासे और वायरल वीडियो
लोकायुक्त की कार्रवाई में करीब नौ वाहनों के दस्तावेज, 21 बैंक खातों और कई कंपनियों की जानकारी मिली है। फिलहाल संपत्तियों और बैंक खातों के लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। वहीं, फिरोज खान की बेटी की शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक कार्यक्रम (शेरेटन होटल) के दौरान सरेआम नोट लुटाए जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।














