भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की एक नई तस्वीर सामने आई है। दिग्विजय सिंह ने अपने निजी वाहन पर ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का स्टिकर लगाया है, जिस पर ‘जय सियाराम!’ का संदेश लिखा हुआ है। वाहन पर स्टिकर लगाने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश के समस्त सनातन धर्मावलंबियों से इस यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
विजयादशमी के पावन पर्व पर उज्जैन से होगी शुरुआत
यह यात्रा 20 अक्टूबर को विजयादशमी (दशहरा) के शुभ अवसर पर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से विधिवत शुरू होगी। यात्रा में शामिल होने वाले यात्री उज्जैन से प्रस्थान करते हुए अयोध्या तक की यात्रा तय करेंगे।
सत्य, धर्म और न्याय के संकल्प से लोगों को जोड़ने की पहल
आयोजकों और पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य ध्येय सत्य, धर्म, न्याय और स्वाभिमान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। इस यात्रा के जरिए आम लोगों को एक साथ लाकर सनातन मूल्यों और स्वाभिमान का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।














