छतरपुर(संदीप यादव)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन रोड पर रविवार की सुबह ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला उत्सव धाम के ठीक सामने का है जहां दो शातिर ठगों ने खुद को पुलिस वाला बताकर एक बुजुर्ग महिला के साथ न केवल विश्वासघात किया, बल्कि बड़ी ही चतुराई से उनके गले से सोने की चेन पार कर रफूचक्कर हो गए।
ठगी की यह वारदात उस वक्त हुई जब डेरा पहाड़ी की रहने वाली पीड़िता किरण यादव सुबह पन्ना रोड से दूध लेकर अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में घात लगाए बैठे इन दो जालसाजों ने महिला को रोका और पुलिसिया रौब के लहजे में बात करते हुए महिला के गले से सोने की चेन उतरवा ली। जब तक महिला को कुछ समझ में आया तब तक आरोपी रफूचक्कर हो चुके थे। महिला ने तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। राहत की बात यह है कि उत्सव धाम के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है, जिसमें सफेदपोश ठगों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज में जिस तरह से आरोपियों ने पूरी घटना को अंजाम दिया, उससे उनके पेशेवर अपराधी होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस बनकर बुजुर्ग महिला से सोने की चेन उतरवाने की घटना संज्ञान में आई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घेराबंदी शुरू कर दी है और दावा किया है कि आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे पहुँचाया जाएगा। बुजुर्ग महिला की उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए पुलिस इस केस को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रख रही है। इस घटना ने एक बार फिर छतरपुर वासियों को आगाह किया है कि सड़क पर चलते समय किसी भी अनजान व्यक्ति, चाहे वह खुद को पुलिस वाला ही क्यों न बताए, की बातों में आकर अपने कीमती जेवर या सामान को उनके सुपुर्द न करें।

