मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में पुलिस महकमे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो में कचनारा पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भीमसिंह राठौर भाजपा नेता शरद जैन की जन्मदिन पार्टी में नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि संजीत क्षेत्र के आक्या बीका गांव में आयोजित जन्मदिन समारोह में चौकी प्रभारी शामिल हुए थे। वीडियो में वे ‘तेरे जैसा यार’ गाना गाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारी के निजी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद रतलाम रेंज के डीआईजी ने संज्ञान लिया है। जानकारी के अनुसार चौकी प्रभारी को शोकॉज नोटिस जारी कर पूरे मामले में जवाब मांगा जाएगा। अब विभागीय जांच और अधिकारी के जवाब के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
वायरल वीडियो ने पुलिस की निष्पक्षता, अनुशासन और राजनीतिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वीडियो की परिस्थितियों और कार्यक्रम में अधिकारी की मौजूदगी को लेकर अंतिम स्थिति विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।




