मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल मंगलवार को विमान से सतना पहुंचे। हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गा प्रसाद उइके, प्रदेश की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
राज्यपाल सतना से सीधे मझगवाँ विकासखंड की ग्राम पंचायत बाँका पहुँचे। यहां उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर पौधारोपण किया। इसके बाद मुख्य समारोह में आदिवासी समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। प्रतिमा अनावरण के बाद उनके मंच पर पहुंचते ही पंडाल का पर्दा उड़ गया, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया और बिरसा मुंडा को नमन किया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। राज्यपाल के इस दौरे से क्षेत्र में विकास और आदिवासी गौरव को बढ़ावा देने का संदेश गया है।

