छतरपुर, विनोद मिश्रा। बमीठा थाना क्षेत्र के पीरा तिगड्डा के पास रविवार रात सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप साहू, पिता महादेव साहू, निवासी बमीठा के रूप में हुई है। प्रदीप खजुराहो रेलवे में निजी कंपनी के वाहन चालक के रूप में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार प्रदीप रात करीब 9 बजे ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीरा तिगड्डा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे बमीठा उपस्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया, लेकिन ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही प्रदीप की मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पुलिस से हादसे की जांच कर अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल छतरपुर में कराया जा रहा है।














