मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर कृषि उपज मंडी में शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी। मंडी परिसर में खुले में रखी लहसुन की बोरियां बारिश की चपेट में आ गईं। किसान अपनी महीनों की मेहनत को बचाने के लिए खुद तिरपाल लेकर उपज ढकते नजर आए।


किसानों का कहना है कि वे तीन से चार दिनों से अपनी उपज की नीलामी का इंतजार कर रहे हैं। किसान अर्जुन सिंह निवासी आलोट ने आरोप लगाया कि कुछ वाहनों को पैसे लेकर मंडी के अंदर प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि अन्य किसान लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


वहीं किसान जितेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश के कारण लहसुन गीला हो रहा है और उपज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। किसानों को खुद तिरपाल लगाकर फसल बचानी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि कई दिनों तक नीलामी का इंतजार और उसके बाद बारिश से फसल भीगने से उन्हें दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


किसानों ने मांग की है कि लंबित उपज की नीलामी जल्द शुरू कराई जाए, खुले में रखी फसल को तत्काल सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाए और मंडी में वाहनों के प्रवेश को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की जांच कर व्यवस्था स्पष्ट की जाए। बारिश के बीच भीगती लहसुन की बोरियां और नीलामी के इंतजार में खड़े किसान मंडी की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं।