बक्सवाहा (छतरपुर)। जिले के बक्सवाहा थाना परिसर से शनिवार सुबह सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अभिरक्षा को धता बताते हुए एक संगीन मामले का आरोपी फरार हो गया। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी भरत लोधी के पुलिस कस्टडी से भागने की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गंभीर अपराध दर्ज है।


रात में हुई थी गिरफ्तारी, सुबह 6 बजे दिया चकमा

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भरत लोधी को बीती रात गिरफ्तार किया था और उसे बक्सवाहा थाने में अभिरक्षा में रखा गया था। शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे जब थाने में दिनचर्या की गतिविधियां शुरू हो रही थीं, आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने की निगरानी से भाग निकला। कस्टडी से आरोपी के गायब होने की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए।


इलाके में नाकाबंदी, संभावित ठिकानों पर दबिश

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए। आनन-फानन में जिले और सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी कराई गई है। फरार आरोपी को दोबारा पकड़ने के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर उसके गांव, रिश्तेदारों और संभावित छिपने के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।


थाने की सुरक्षा और पुलिस की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे अत्यंत संवेदनशील व गंभीर मामले में नामजद आरोपी का सीधे थाने से भाग जाना पुलिस की कार्यप्रणाली, निगरानी व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है। घटना के वक्त किसकी संतरी ड्यूटी थी और आरोपी किसकी लापरवाही से भागा, इसे लेकर विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि घेराबंदी कर आरोपी को जल्द से जल्द पुनः गिरफ्तार कर लिया जाएगा।