रात्रि जन चौपाल में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

Advertisement
टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिला कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने की अनूठी पहल जारी रखी है। रात के समय गांव में ही जन चौपाल लगाकर उन्होंने आमजन की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण करने के प्रयास किए। यह कार्यक्रम खिरिया नाका के स्कूल में आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने रात्रि में जन चौपाल का आयोजन कर लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लोगों को अपनी समस्या लेकर कार्यालय तक नहीं पहुंचना पड़े, इसलिए प्रशासन खुद उनके द्वार पर पहुंच रहा है। इस दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे और शिकायतों का तुरंत निराकरण करने की कोशिश की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि प्राप्त सभी आवेदनों और शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों ने बीपीएल कार्ड, महिला-बाल विकास से जुड़ी योजनाओं, स्कूल सुविधाओं तथा अन्य लोक कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दे उठाए। कई मामलों में अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया।
यह पहल शासन की मंशा के अनुरूप है, जिसमें योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर की इस सक्रियता से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। लोग खुश हैं कि अब रात के समय भी प्रशासन उनकी सुनवाई के लिए उपलब्ध है।
ऐसी रात्रि जन चौपालें टीकमगढ़ जिले में नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं, जिससे प्रशासन और जनता के बीच का दूरी कम हो रही है।
