नई दिल्ली, 20 मई । पीएम मोदी की इटली यात्रा को लेकर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी सफल विदेश यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंच गए हैं। वहां उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। भारत और इटली के बीच संबंध बहुत मजबूत हैं। इससे दोनों देश को लाभ होने वाला है।

समाजवादी पार्टी (सपा) पर तंज कसते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पश्चिम बंगाल के परिणाम के बाद से समाजवादी पार्टी के नेता डरे हुए हैं। उन्हें डर लगने लगा है कि वे बहुत वर्षों तक सत्ता से दूर रहेंगे, इसीलिए बयानबाजी करते रहते हैं।

उन्होंने पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर दोबारा वोटिंग होने से पहले नाम वापस लेने वाले जहांगीर खान पर भी तंज कसा। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि फाल्टा वाला कहता था कि झुकेगा नहीं, वह तो भाग गया। अभिषेक बनर्जी का पता नहीं चल रहा है। अभी तो पूर्व सीएम ममता बनर्जी कोर्ट गई तो उनके खिलाफ नारे लगे। सरकार का काम है संरक्षण देना। लेकिन जनता टीएमसी से नाराज है और हिसाब करना चाहती है।

दूसरी ओर, सड़क पर नमाज को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद यूपी की राजनीति में हलचल पैदा हो गई है।

भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने बिल्कुल सही कहा। सड़कें यात्रा के लिए होती हैं। सड़कें लोगों के आने-जाने के लिए होती हैं, न कि नमाज पढ़ने के लिए। मस्जिदें इबादत के लिए बनाई गई थीं, और अगर आप चाहें तो घर पर भी इबादत कर सकते हैं, या फिर अपनी कम्युनिटी के साथ इबादत करने के लिए मस्जिद जा सकते हैं।

इसी बीच, भाजपा सांसद ने केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अगर हमारे केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने यह बात कही है, तो यह बेबुनियाद नहीं हो सकती। उनके पास निश्चित रूप से कोई ठोस सबूत होगा। उनकी जानकारी जरूर प्रामाणिक है, तभी उन्होंने ऐसा बयान दिया है। आम आदमी पार्टी के लोग, जिनमें भगवंत मान भी शामिल हैं, कथित तौर पर विदेशी निर्देशों और विदेशी फंडिंग के प्रभाव में काम कर रहे हैं।