दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ थाना अंतर्गत केरबना चौकी क्षेत्र के हरदू गांव में पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने पहुंचे रिश्तेदारों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गेंदाबाई, उमाकांत यादव सहित चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार एवं मुलाहजे के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।


घायलों के अनुसार, वे अपनी रिश्तेदार बहन के घर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को समझाने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान अचानक दो देवर, देवरानी सहित चार लोगों ने लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके बोलेरो वाहन में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है।


बताया गया कि संबंधित महिला का पति कथित तौर पर शराब के नशे में आए दिन उसे परेशान करता था। इसी विवाद को लेकर रिश्तेदार समझाइश देने पहुंचे थे। घायलों का कहना है कि चाय पीने के दौरान अचानक उनके साथ मारपीट की गई। मामले में घायलों ने राजेश, रज्जन, लाखन और महिला पर आरोप लगाए हैं। केरबना चौकी पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।