छतरपुर। शहर के सटई रोड स्थित गली नंबर 2 से 5 के बीच रहने वाले स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में संचालित एक कोचिंग सेंटर के बाहर प्रतिदिन होने वाले हंगामे, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। रहवासियों का आरोप है कि कोचिंग में आने वाले कुछ युवक आए दिन मोहल्ले में लड़ाई-झगड़ा कर आतंक का माहौल बना देते हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, ऐसी घटनाएं लगभग रोज़ होती हैं। हाल ही में हुई मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना के दौरान डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शिकायतकर्ता को सिविल लाइन थाने में आवेदन देने की सलाह देकर लौट गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने घटना और संबंधित युवकों के वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराए, इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और शिकायत बंद कर दी गई।


रहवासियों ने आरोप लगाया कि कुछ युवक मॉडिफाइड सिल्वर बुलेट और अन्य मॉडिफाइड बाइकों से संकरी गलियों में तेज रफ्तार वाहन चलाते हुए स्टंट करते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका यह भी कहना है कि कई असामाजिक तत्व केवल लड़कियों का पीछा करने और मोहल्ले का माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से यहां आते हैं, जिनका पढ़ाई से कोई संबंध नहीं है।


मोहल्लावासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा कोचिंग सेंटर के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई गंभीर अप्रिय घटना या बड़ा विवाद होने से इंकार नहीं किया जा सकता।