दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह पुलिस ने बहुचर्चित सूखी पिपरिया डकैती कांड का आंशिक खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। देहात थाना क्षेत्र के सूखी पिपरिया गांव में 3 जुलाई की रात व्यापारी विजय जैन के घर हुई करीब 12 लाख रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि वारदात में शामिल चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


पुलिस के अनुसार छह बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से विजय जैन के घर में घुसकर हथियारों के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 30 पुलिसकर्मियों की आठ टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने शंकर यादव और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी, एक देशी कट्टा, एक कटर तथा वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 8.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपियों ने वारदात से दो दिन पहले ही अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे और पूरी योजना बनाकर डकैती को अंजाम दिया था।


पुलिस का कहना है कि फरार चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे डकैती कांड का खुलासा कर दिया जाएगा।